रायपुर राजधानी रायपुर के IIM में चल रहा 60वां अखिल भारतीय DGP-IG कॉन्फ्रेंस आज दूसरे दिन भी जारी है। सुबह से ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में बैठक की शुरुआत हुई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल भी महत्वपूर्ण सत्रों में हिस्सा ले रहे हैं। देश की अलग-अलग सुरक्षा एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी रायपुर में मौजूद हैं।
आज के दिन कॉन्फ्रेंस में चार अहम सत्र रखे गए हैं, जिनमें विभिन्न राज्यों के DGP अपनी-अपनी प्रेजेंटेशन देंगे। बैठक का मुख्य फोकस राष्ट्रीय आंतरिक सुरक्षा, नई चुनौतियों से निपटने की रणनीति और पिछले वर्षों की सिफारिशों के क्रियान्वयन की समीक्षा पर केंद्रित है। महिला सुरक्षा को तकनीक के माध्यम से और मजबूत बनाने पर भी विशेष चर्चा का एजेंडा रखा गया है।
छत्तीसगढ़ के DGP अरुण देव गौतम आज ‘बस्तर 2.0’ पर अपनी प्रस्तुति देंगे। वे मार्च 2026 तक नक्सलवाद के पूर्ण उन्मूलन के लक्ष्य और उसके बाद बस्तर में विकास की तेज रणनीति पर विस्तृत जानकारी देंगे। प्रस्तुति में बताया जाएगा कि नक्सल प्रभावित इलाकों को विकास की मुख्यधारा से कैसे जोड़ा जाएगा और सुरक्षा व्यवस्था को किस तरह स्थायी रूप से मजबूत किया जाएगा।
उधर, पहले दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश के टॉप-3 पुलिस स्टेशनों को सम्मानित किया था। दिल्ली का गाजीपुर थाना देश का बेस्ट पुलिस स्टेशन घोषित किया गया, जबकि अंडमान-निकोबार का पहरंगांव थाना दूसरे और कर्नाटक के रायचूर जिले का कवितला थाना तीसरे स्थान पर रहा।
तीन दिवसीय यह कॉन्फ्रेंस विज़न 2047 के तहत विकसित भारत की सुरक्षा अवधारणा को तय करने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।







