मासूम को पेड़ पर लटकाने की घटना पर HC सख्त; स्कूल शिक्षा सचिव को तलब, पूछा– कार्रवाई कहाँ है?

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के नारायणपुर स्थित हंसवानी विद्या मंदिर में 5 साल के मासूम KG-2 छात्र को टीचर द्वारा पेड़ पर लटकाने की घटना ने पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी है। होमवर्क नहीं करने पर नर्सरी क्लास की टीचर काजल साहू ने बच्चे को कक्षा से बाहर निकाल दिया और फिर स्कूल परिसर में मौजूद पेड़ पर रस्सी के सहारे लटका दिया। बच्चा घंटों तक हवा में झूलता रहा।

घटना का वीडियो एक ग्रामीण ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही अभिभावकों में भारी गुस्सा फैल गया। बड़ी संख्या में लोग स्कूल के बाहर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने लगे।

मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा, जहाँ चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा और जस्टिस बीडी गुरु की डिवीजन बेंच ने घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा—

“ये बहुत गलत है, मज़ाक बनाकर रखा है!”

कोर्ट ने स्कूल शिक्षा सचिव से 9 दिसंबर तक विस्तृत जवाब मांगा है कि हंसवानी विद्या मंदिर में दोषी टीचर पर क्या कार्रवाई हुई और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं।

सुनवाई के दौरान राज्य शासन ने बताया कि शिक्षक काजल साहू को तुरंत स्कूल से हटा दिया गया है और निजी स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर दिया गया है।

Share on WhatsApp

Share This Article