जगदलपुर में रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शहर में दुख का माहौल बना दिया। जानकारी के अनुसार, मृतक अंकित दानी और आलिया दोनों डिमरापाल मेडिकल कॉलेज के छात्र थे। वे अपनी बाइक से जगदलपुर से मेडिकल कॉलेज की ओर जा रहे थे। रास्ते में परपा थाना क्षेत्र के पास एक ढाबे के नज़दीक तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को ज़ोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंकित की मौके पर ही मौत हो गई।
दूसरी ओर, आलिया गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत डिमरापाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रक तेज रफ्तार में था और उसने बाइक को सीधे चपेट में ले लिया था।
हादसे में जान गंवाने वाला अंकित भिलाई का रहने वाला था, जबकि आलिया रायपुर की निवासी थी। दोनों 2021 बैच के छात्र थे और मेडिकल अध्ययन कर रहे थे। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।







