छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है, जहां एक शिक्षक की दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया कि यह हादसा उस वक्त हुआ जब व्याख्याता विजय कुमार साहू अपने गांव हल्दी से गैस सिलेंडर लेकर अपने नए घर बोर्सी (दुर्ग) लौट रहे थे। रास्ते में पुलगांव थाना क्षेत्र के कोनारी और कुथरेल के बीच तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विजय कुमार साहू मौके पर ही सड़क पर गिर पड़े और उनकी तत्काल मृत्यु हो गई।
राहगीरों ने घटना की सूचना तुरंत पुलगांव पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। इस हादसे के बाद परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान ग्राम हल्दी निवासी विजय कुमार साहू के रूप में हुई, जो निपानी स्थित कन्या हाई स्कूल में व्याख्याता के पद पर कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार, विजय कुमार साहू का परिवार कुछ ही महीने पहले हल्दी गांव से बोर्सी में नया घर बनाकर शिफ्ट हुआ था। परिवार अभी नए घर में पूरी तरह से सेटल भी नहीं हो पाया था कि यह हृदयविदारक घटना घट गई। उनके निधन की खबर सुनते ही पूरे क्षेत्र में गम का माहौल छा गया।
ग्राम हल्दी के समाजसेवी हरदेव लाल साहू ने बताया कि विजय कुमार साहू बेहद मिलनसार, शांत स्वभाव और समाजसेवी व्यक्ति थे। शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान अत्यंत सराहनीय रहा। उनके निधन से न केवल परिवार, बल्कि पूरा शिक्षाजगत शोकग्रस्त है। उनकी पत्नी भी ग्राम माहुद में शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं। इस दुखद घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना के बाद पुलगांव पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है और आसपास लगे CCTV फुटेज की जांच की जा रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से दुर्घटनास्थल पर स्पीड ब्रेकर लगाने और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।


