आजमगढ़ जिले में गुरुवार देर रात यूपी एसटीएफ की टीम ने 50 हजार रुपए के इनामी अपराधी वाकिफ को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। जानकारी के अनुसार, एसटीएफ को वाकिफ की लोकेशन मुखबिर से मिली थी। टीम ने रौनापार इलाके में उसका घेराव किया, लेकिन वाकिफ ने आत्मसमर्पण की जगह पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
एसटीएफ ने जवाबी कार्रवाई में गोलियां चलाईं, जिसमें वाकिफ को गोली लग गई। घायल हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, मारा गया वाकिफ गो-तस्करी, हत्या, लूट और चोरी जैसे 44 से अधिक गंभीर मामलों में वांछित था। उस पर आजमगढ़, जौनपुर और गोरखपुर समेत कई जिलों में मुकदमे दर्ज थे।
पुलिस के मुताबिक, 2017 से जुलाई 2025 के बीच यूपी पुलिस ने अब तक 238 अपराधियों को एनकाउंटर में ढेर किया है। इस अवधि में 14 हजार से ज्यादा मुठभेड़ें हुईं, जिनमें 30 हजार से अधिक अपराधी गिरफ्तार किए गए, जबकि 9 हजार से अधिक को गोली लगी।
वाकिफ की मौत के बाद पुलिस महकमे ने राहत की सांस ली है। अधिकारियों का कहना है कि उसका खात्मा पूर्वांचल में अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में बड़ी सफलता मानी जा रही है।







