बिहार चुनाव में उतरे उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी, कहा– डबल इंजन की सरकार ही ला सकती है विकास की गति

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार प्रचार का माहौल गर्म है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को पूर्वी चंपारण जिले के कोटवा पहुंचे, जहां उन्होंने बीजेपी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया।

सीएम धामी ने कहा कि बिहार का विकास केवल डबल इंजन की सरकार से ही संभव है। उन्होंने जनता से अपील की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेज़ी से आगे बढ़ रहा है, और अब बिहार में भी उसी विकास मॉडल की जरूरत है।

धामी ने अपने भाषण में कहा, “उत्तराखंड में भाजपा सरकार ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोज़गार के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम हुए हैं। अब बिहार में भी इसी तरह का परिवर्तन जरूरी है।”

सभा में गूंजे मोदी-धामी जिंदाबाद के नारे
धामी के कोटवा पहुंचते ही जय श्रीराम, भारत माता की जय और मोदी-धामी जिंदाबाद के नारों से पूरा मैदान गूंज उठा। भीड़ में उत्साह का माहौल देखने लायक था। सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे और हज़ारों की संख्या में स्थानीय लोग और बीजेपी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

UCC, लव जिहाद और रोजगार पर बोले धामी
सीएम धामी ने मंच से समान नागरिक संहिता (UCC), लव जिहाद और युवा रोजगार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि देश में समानता और सुरक्षा के लिए कड़े कानून आवश्यक हैं।

विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा, “जो पार्टियां कभी परिवारवाद और भ्रष्टाचार की राजनीति करती थीं, आज वही जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही हैं। लेकिन अब बिहार की जनता जागरूक है और सच्चाई को जान चुकी है।”

कार्यक्रम में स्थानीय भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में समर्थकों ने हिस्सा लिया। धामी ने अपने दौरे के दौरान कोटवा, कल्याणपुर और हरसिद्धि विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाएं करने का कार्यक्रम तय किया है। उनका यह दौरा बिहार में भाजपा के समर्थन आधार को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment