प्रशांत किशोर को बड़ा झटका — जनसुराज उम्मीदवार ने NDA प्रत्याशी को गले लगाकर छोड़ी चुनावी जंग

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में जनसुराज अभियान के लिए एक बड़ा झटका सामने आया है। प्रशांत किशोर के करीबी माने जाने वाले जनसुराज प्रत्याशी और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. शशि शेखर सिन्हा ने गोपालगंज सदर विधानसभा सीट (101) से अपना नामांकन वापस ले लिया। इस घटनाक्रम ने क्षेत्र की सियासत में हलचल मचा दी है।

नामांकन वापसी के बाद एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी सुभाष सिंह सीधे डॉ. सिन्हा के आवास अंबेडकर चौक पहुंचे। दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से एक-दूसरे को गले लगाया। मुलाकात के दौरान डॉ. सिन्हा ने बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए चुनाव से पीछे हटने का निर्णय बताया।

उन्होंने कहा, “हम सब एक हैं, और क्षेत्र की एकता ही हमारी ताकत है।”
उनका यह बयान एनडीए के लिए मजबूती का संदेश माना जा रहा है। अब गोपालगंज सदर सीट पर मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। राजनीतिक जानकार मान रहे हैं कि इस फैसले से सुभाष सिंह की स्थिति और मजबूत होगी।

मुंगेर में भी VIP को झटका

मुंगेर जिले में विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) को बड़ा नुकसान हुआ है। पार्टी के वरिष्ठ नेता सकलदेव बिंद ने अपना नामांकन वापस लेकर भाजपा का दामन थाम लिया।
टेटिया बंबर प्रखंड के हाथीनाथ मैदान में आयोजित समारोह में उन्होंने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने कहा — “अब बिंद समाज और अति पिछड़ा वर्ग महागठबंधन के साथ नहीं, एनडीए के साथ खड़ा रहेगा।”
उनके इस बयान को बिहार की चुनावी राजनीति में NDA के लिए बड़ी मजबूती के रूप में देखा जा रहा है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment