पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का पहला चरण दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है। जहां एक ओर कई दिग्गज नेताओं ने अपना नामांकन दाखिल किया, वहीं जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी अखिलेश कुमार के अचानक लापता हो जाने से सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच जनसुराज पार्टी ने यूट्यूबर मनीष कश्यप को टिकट देकर चनपटिया सीट से मैदान में उतारा है।
कांग्रेस और जनसुराज ने जारी की सूचियां
17 अक्टूबर को नामांकन की आखिरी तारीख से पहले कांग्रेस ने गुरुवार देर रात अपनी पहली सूची जारी कर दी। वहीं, जनसुराज पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए 20 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इस सूची में पार्टी प्रमुख प्रशांत किशोर का नाम सबसे ऊपर है, जबकि दूसरे स्थान पर उदय सिंह और तीसरे पर मनोज कुमार भारती का नाम शामिल है।
अखिलेश कुमार रहस्यमय तरीके से लापता
दानापुर विधानसभा सीट से जनसुराज प्रत्याशी अखिलेश कुमार के लापता होने की खबर से पार्टी में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि वे नामांकन से पहले मंदिर में पूजा-अर्चना करने गए थे, लेकिन उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला। कई लोग उनके अगवा होने की आशंका जता रहे हैं।
मनीष कश्यप को मिला जनसुराज का टिकट
लोकप्रिय यूट्यूबर मनीष कश्यप उर्फ त्रिपुरारी कुमार तिवारी को जनसुराज पार्टी ने चनपटिया विधानसभा से उम्मीदवार बनाया है। मनीष ने कहा, “जनसुराज पार्टी और प्रशांत किशोर जी ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उसके लिए मैं आभारी हूं। हम जनता के मुद्दों को विधानसभा तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
मैथिली ठाकुर ने दाखिल किया नामांकन
दरभंगा की प्रसिद्ध लोकगायिका मैथिली ठाकुर ने अलीनगर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पहले उन्होंने नवादा स्थित दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना की और अलीनगर को “आदर्श नगर” बनाने का संकल्प जताया।
अन्य दिग्गज भी उतरे मैदान में
- भवन निर्माण मंत्री जयंत राज नामांकन के लिए देर से पहुंचे, जिससे प्रशासन ने उन्हें प्रवेश की अनुमति नहीं दी।
- जदयू प्रत्याशी प्रमोद सिंह ने रफीगंज सीट से नामांकन किया और दावा किया कि एनडीए 225 सीटें जीतकर नीतीश कुमार को फिर से मुख्यमंत्री बनाएगा।
- डॉ. प्रेम कुमार ने गया नगर सीट से भाजपा उम्मीदवार के रूप में नामांकन किया। उनके साथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी मौजूद थे।
- जमालपुर सीट से जदयू प्रत्याशी नचिकेता मंडल ने नामांकन से पहले विशाल जुलूस निकाला, जहां ललन सिंह ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।
मुजफ्फरपुर में एनडीए बनाम महागठबंधन की टक्कर
मुजफ्फरपुर में नामांकन के साथ ही एनडीए और महागठबंधन के बीच सीधी टक्कर दिखाई दे रही है।
एनडीए की ओर से रंजन कुमार, राजू सिंह, अरुण सिंह, अजीत कुमार मैदान में हैं, जबकि विपक्ष से विजेंद्र चौधरी, राजीव यादव और शंकर प्रसाद यादव जैसे उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया है।
पहले चरण में बढ़ी चुनावी गर्मी
जैसे-जैसे नामांकन की प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंची, बिहार के अलग-अलग जिलों में माहौल चुनावी रंग में रंगता नजर आ रहा है। समर्थकों की भीड़, जुलूस, और नारों से सड़कों पर राजनीतिक जोश देखने को मिल रहा है।







