दीपावली के पावन अवसर पर अर्पण दिव्यांग स्कूल में खुशियों का माहौल देखने को मिला। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव दिलीप सिंह चौहान के नेतृत्व में राजेंद्र नगर स्थित अर्पण दिव्यांग स्कूल में जाकर बच्चों के बीच कपड़े, मिठाई, फल, बिस्किट और पटाखे वितरित किए गए।
इस अवसर पर दिलीप सिंह चौहान ने कहा कि “यहां रह रहे बच्चे हमारे समाज का अभिन्न अंग हैं। उनके साथ दीपावली या अन्य त्योहार मनाना हमारे लिए गर्व की बात है।” उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों के बीच त्योहार मनाने से उन्हें खुशी और आत्मीयता का एहसास होता है, जिससे वे खुद को अकेला नहीं समझते।

चौहान ने आगे कहा कि “हर व्यक्ति को समाज के इन विशेष बच्चों के साथ त्योहार मनाकर उन्हें यह एहसास दिलाना चाहिए कि वे हमारे परिवार का हिस्सा हैं।” उन्होंने बताया कि यह जनसेवा का कार्य वे हर वर्ष दीपावली पर दिव्यांग बच्चों के साथ मनाते हैं ताकि उन्हें सम्मान और अपनापन महसूस हो।

कार्यक्रम में शहर जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष बाकर अब्बास, सिंधी समाज के वरिष्ठजन सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों को उपहार देकर उनके चेहरे पर मुस्कान बिखेरी।







