बीजापुर:छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां माओवादियों ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सक्रिय कार्यकर्ता सत्यम पुनेम की निर्मम हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि माओवादी देर रात उसके घर पहुंचे और कुछ दूरी पर ले जाकर रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी।
सूत्रों के अनुसार, यह घटना उसूर ब्लॉक के मुंजाल कांकेर गांव की है। सत्यम पुनेम इलाके में भाजपा संगठन से लंबे समय से जुड़ा हुआ था। घटना स्थल से माओवादी पर्चे भी बरामद हुए हैं, जिनमें माओवादियों ने हत्या की जिम्मेदारी ली है।

माओवादी पर्चे में क्या लिखा था?
माओवादियों के छोड़े गए पर्चों में लिखा है कि सत्यम पुनेम पुलिस के लिए मुखबिरी करता था और गांव की जानकारी सुरक्षा बलों तक पहुंचाता था।
पर्चे में मद्देड़ एरिया कमेटी ने कहा है कि –
“सत्यम की मौत की जिम्मेदारी हमारी नहीं, बल्कि ब्राह्मणीय हिन्दुत्व-फासीवादी भाजपा सरकार की है।”
कमेटी का दावा है कि सत्यम को कई बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन उसके “सुधार नहीं होने” पर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस की पुष्टि
बीजापुर पुलिस ने घटना की पुष्टि की है।
सूत्रों के अनुसार, घटना इलमिडी थाना क्षेत्र में हुई है, जो थाना मुख्यालय से करीब 6-7 किलोमीटर दूर है।
परिजनों ने थाने में सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी है।
बताया जा रहा है कि 10 से 15 माओवादी गांव में घुसे और सत्यम को घर से बाहर निकालकर हत्या की।
स्थानीय सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने सुरक्षा बढ़ाने और गश्त तेज करने की मांग की है। बताया जा रहा है कि माओवादी इस इलाके में पिछले कुछ महीनों से फिर सक्रिय हो गए हैं।







