KTU में कार्यपरिषद बैठक संपन्न, कई अहम प्रस्तावों पर लगी मुहर

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर (KTU) में गुरुवार को 63वीं कार्यपरिषद बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति महादेव कावरे (भा.प्र.से.) ने की। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की प्रगति, शिक्षकों की व्यवस्था, कैंपस प्लेसमेंट और विद्यार्थियों की शिक्षा में गुणवत्ता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।

बैठक में सभी सदस्यों ने विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और तकनीकी विकास को और मजबूत बनाने के लिए अपने सुझाव साझा किए। साथ ही पत्रकारिता के क्षेत्र में विश्वविद्यालय के योगदान को नई ऊंचाई देने के लिए कई प्रस्तावों पर चर्चा की गई।

बैठक के प्रमुख निर्णय:

  • पूर्व में लिए गए निर्णयों के अनुपालन प्रतिवेदन को प्रस्तुत किया गया।
  • एक लाख रुपये से अधिक के भुगतानों को कार्योत्तर अनुमोदन प्रदान किया गया।
  • प्रशासनिक और अध्ययनशालाओं के कार्यालयीन उपयोग हेतु 2 लैपटॉप व 5 कंप्यूटर की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई।
  • चुनौती मूल्यांकन समिति द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन को मंजूरी मिली।
  • आगामी षष्ठम् दीक्षांत समारोह के आयोजन को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई।

इसी बैठक में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन भी शामिल हुए। उन्होंने विश्वविद्यालय में सायबर अपराध नियंत्रण से संबंधित नए कोर्स शुरू करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि सायबर एक्सपर्ट कोर्स न केवल मीडिया विद्यार्थियों के लिए उपयोगी होगा, बल्कि पुलिस विभाग को भी सायबर अपराधों की रोकथाम में मदद करेगा। सेन ने कहा कि मीडिया और कानून प्रवर्तन दोनों के लिए डिजिटल सुरक्षा की समझ आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुकी है।

बैठक के दौरान कुलपति महादेव कावरे ने सभी कार्यपरिषद सदस्यों का स्वागत किया और विश्वविद्यालय की भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment