मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की उपराष्ट्रपति से मुलाकात, छत्तीसगढ़ राज्योत्सव समापन समारोह के लिए दिया न्योता

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को नई दिल्ली में भारत के उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उपराष्ट्रपति को छत्तीसगढ़ राज्य के गठन की रजत जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित होने वाले राज्योत्सव समापन समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दिया।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि 5 नवम्बर को नया रायपुर में आयोजित यह राज्योत्सव समापन समारोह ऐतिहासिक होगा, जिसमें प्रदेश की संस्कृति, उपलब्धियों और विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने उपराष्ट्रपति से आग्रह किया कि वे अपनी गरिमामयी उपस्थिति से इस आयोजन की शोभा बढ़ाएं।

मुख्यमंत्री की अपील पर उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए स्नेहपूर्वक छत्तीसगढ़ आगमन की सहमति दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पूरे राज्य के लिए गर्व और सम्मान का विषय है कि देश के माननीय उपराष्ट्रपति राज्योत्सव में सम्मिलित होंगे। उनकी उपस्थिति से यह आयोजन अविस्मरणीय बन जाएगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रजत जयंती वर्ष राज्य की गौरवशाली यात्रा का प्रतीक है और इसका समापन समारोह प्रदेश के विकास और प्रगति की झलक प्रस्तुत करेगा। यह छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और नई उपलब्धियों का उत्सव होगा।

इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

 

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment