कोहली-रोहित की फिटनेस पर विवाद, अगरकर ने दी सफाई
भारतीय टीम चयन से पहले विराट कोहली और रोहित शर्मा की फिटनेस को लेकर उठे सवालों पर अब चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर ने चुप्पी तोड़ दी है। उन्होंने साफ कहा कि दोनों दिग्गज खिलाड़ियों ने तय मानकों को पूरा किया है और चयन से पहले जरूरी फिटनेस टेस्ट पास किया है।
बीसीसीआई ने शनिवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम का ऐलान किया। यह सीरीज 19 से 25 अक्तूबर तक खेली जाएगी। इस दौरान शुभमन गिल टीम की कमान संभालेंगे और श्रेयस अय्यर उपकप्तान होंगे।
लंदन में क्यों दिया कोहली ने फिटनेस टेस्ट?
अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि ज्यादातर भारतीय खिलाड़ियों ने बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में फिटनेस टेस्ट दिया था, जबकि विराट कोहली ने लंदन में अपना टेस्ट कराया। इस पर उठे सवालों को लेकर अगरकर ने कहा – “जहां तक हमें जानकारी है, दोनों खिलाड़ियों ने फिटनेस टेस्ट दिए और चयन के लिए आवश्यक मानकों को पूरा किया। चयन से पहले सभी खिलाड़ियों की फिटनेस रिपोर्ट सीओई से ली जाती है और चुने गए सभी खिलाड़ी पूरी तरह फिट और उपलब्ध घोषित किए गए हैं।”
क्या 2027 वर्ल्ड कप खेलेंगे कोहली-रोहित?
मुख्य चयनकर्ता ने यह भी कहा कि विराट कोहली और रोहित शर्मा दोनों ने अभी तक 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलने को लेकर कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया है। दोनों फिलहाल नॉन-कमिटल हैं। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर अटकलें तेज हो गई हैं कि दिसंबर में होने वाली भारत-दक्षिण अफ्रीका सीरीज के बाद दोनों संन्यास की घोषणा कर सकते हैं।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच यह वनडे सीरीज 30 नवंबर, 3 दिसंबर और 6 दिसंबर को खेली जाएगी। फैंस का मानना है कि 6 दिसंबर को होने वाला तीसरा वनडे शायद रोहित और कोहली का भारत की ओर से आखिरी घरेलू मैच साबित हो सकता है।







