भारत ने दर्ज की पारी से जीत
भारत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज को पारी और 140 रनों से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। टीम इंडिया ने पहली पारी में 5 विकेट पर 448 रन बनाकर घोषित किया और 286 रन की विशाल बढ़त ली। इसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम दूसरी पारी में सिर्फ 146 रन पर सिमट गई। यह मुकाबला भारत ने तीसरे ही दिन खत्म कर दिया।

डब्ल्यूटीसी अंक तालिका का ताजा हाल
इस जीत से भारत ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में अपनी स्थिति मजबूत की है। भारत अब अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है। भारत ने अब तक 6 मैचों में 3 जीते, 2 हारे और 1 ड्रॉ खेला है। इस समय भारत के पास कुल 40 अंक और 55.56% अंक प्रतिशत है। वहीं वेस्टइंडीज ने अब तक 4 मैच खेले हैं और सभी में हार झेली है। टीम अभी भी 0 अंकों के साथ छठे स्थान पर है।

वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी रही नाकाम
वेस्टइंडीज की दूसरी पारी भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी और टीम महज चार घंटे में ढेर हो गई। एलिका अथानाजे ने 38, जस्टिन ग्रीव्स ने 25 और जेडन सील्स ने 22 रन बनाए। बाकी बल्लेबाज दोहरे अंक तक भी नहीं पहुंच सके।

जडेजा का शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन
भारत के लिए रवींद्र जडेजा हीरो साबित हुए। उन्होंने पहली पारी में नाबाद शतक जड़ा और गेंदबाजी में 4 विकेट झटके। मोहम्मद सिराज ने 3, कुलदीप यादव ने 2 और वाशिंगटन सुंदर ने 1 विकेट लिया। जसप्रीत बुमराह को इस पारी में कोई सफलता नहीं मिली।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला 10 अक्टूबर से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा।







