राजधानी रायपुर में अवैध पेट्रोल-डीजल गिरोह पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 44 लाख से ज्यादा का माल जब्त, 11 आरोपी गिरफ्तार

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

राजधानी रायपुर में अवैध पेट्रोल-डीजल चोरी और बिक्री करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आईजी अमरेश मिश्रा के निर्देश पर पुलिस की विशेष टीम ने रिंग रोड नंबर-3 स्थित पिरदा चौक और टेकारी चौक पर एक साथ छापेमारी की कार्रवाई की। टीम ने दोनों जगहों से पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकर और ड्रम जब्त किए।

पुलिस की रेड के दौरान पिरदा चौक पर स्थित सूरज शाह की यार्ड से एक टैंकर और 9 ड्रम पेट्रोल-डीजल बरामद किए गए, जिनमें करीब 1200 लीटर डीजल और 40 लीटर पेट्रोल था। बरामद माल की कुल कीमत लगभग 1.40 लाख रुपये आंकी गई। मौके से अखिलेश चौबे, नीरज कुमार, अरविंद गोंड और रोहित बघेल को गिरफ्तार किया गया।

वहीं टेकारी चौक पर उमेश साव की यार्ड से पुलिस को तीन टैंकर और 8 ड्रम मिले। इनमें से एक टैंकर से 15 हजार लीटर पेट्रोल और 5 हजार लीटर डीजल जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 19.20 लाख रुपये बताई गई। दूसरे टैंकर से 25 हजार लीटर डीजल मिला, जिसकी कीमत लगभग 22.50 लाख रुपये है, जबकि तीसरा टैंकर खाली मिला।

इसके अलावा विभिन्न ड्रमों से 1 हजार लीटर डीजल और 300 लीटर पेट्रोल भी जब्त किया गया। कुल मिलाकर पुलिस ने करीब 44.30 लाख रुपये का अवैध पेट्रोल-डीजल जब्त करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, राजधानी रायपुर में लंबे समय से अवैध पेट्रोल-डीजल की चोरी और बिक्री का कारोबार खुलेआम चल रहा था। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई कर इस गैंग को पकड़ने की योजना बनाई। हालांकि, गिरोह का सरगना अब भी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

इस कार्रवाई से रायपुर पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि शहर में अवैध ईंधन कारोबार करने वालों के खिलाफ अब किसी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment