तेज रफ्तार बाइक ने छीनी एक और जान: टोल नाके का बैरियर तोड़ खंभे से टकराई, एक युवक की मौत, दो गंभीर घायल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

कोरबा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जब तीन युवकों की बाइक टोल नाके का बैरियर तोड़ते हुए सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, पाली निवासी 24 वर्षीय अमन जांगड़े अपने दो दोस्तों जौहर सिंह और एक अन्य साथी के साथ रविवार को बाइक से कटकठोरा आया था। शाम के समय जब तीनों युवक पाली लौट रहे थे, तभी कटकठोरा टोल नाके के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर बैरियर से टकरा गई। तेज रफ्तार में चल रही बाइक बैरियर को तोड़ते हुए करीब 50 मीटर तक फिसल गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा भिड़ी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों की मदद से तुरंत एंबुलेंस बुलाई गई और घायलों को पास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के दौरान अमन जांगड़े को मृत घोषित कर दिया। वहीं जौहर सिंह और एक अन्य युवक को गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर किया गया है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बाइक की गति काफी तेज थी, जिस कारण चालक बाइक पर नियंत्रण खो बैठा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि तेज रफ्तार का जुनून किस तरह से युवाओं की जान के लिए खतरा बनता जा रहा है। परिवार और स्थानीय लोगों में गम का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से टोल नाके और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment