रायपुर में सड़क पर रईसजादों का फिल्मी स्टाइल स्टंट: लग्जरी कारों से निकला 20 गाड़ियों का काफिला, NH पर लहराई सनरूफ से लटकती जानें; ‘AK-47’ गाने पर बनाई रील

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में इन दिनों सड़क पर रईसजादों की स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो न केवल ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाता दिखा रहा है, बल्कि यह लोगों की जान के लिए भी खतरा बन गया। बताया जा रहा है कि यह स्टंट 25 सितंबर के आसपास का है, जब करीब 15 से 20 लग्जरी कारों का काफिला रायपुर के केनाल रोड से नेशनल हाइवे होते हुए आरंग की ओर रवाना हुआ।

 

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कई युवा अपनी महंगी गाड़ियों की खिड़कियों और सनरूफ से लटककर फिल्मी अंदाज में स्टंट कर रहे थे। कुछ युवक तो सड़क पर खड़े होकर ‘AK-47’ जैसे गैंगस्टर गानों पर रील बना रहे थे। इस पूरे काफिले में हूटर्स और सायरन भी लगे हुए थे, जिससे माहौल और भी खतरनाक हो गया था।

जानकारी के अनुसार, यह पूरा काफिला एक युवक के बर्थडे सेलिब्रेशन के नाम पर निकला था। युवाओं ने अपने जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए सड़क को ही पार्टी स्थल बना लिया और ट्रैफिक नियमों की परवाह किए बिना लापरवाही से गाड़ियां दौड़ाईं। इस दौरान कई गाड़ियों के चारों इंडिकेटर जल रहे थे और वे लगातार सायरन बजा रही थीं।

वीडियो के वायरल होने के बाद सवाल उठ रहे हैं कि आखिर इतने बड़े काफिले के गुज़रने के बावजूद किसी पुलिस थाने या ट्रैफिक विभाग ने उन्हें रोका क्यों नहीं। यह काफिला सिविल लाइन, खम्हारडीह और तेलीबांधा थानों के रास्ते से होकर गुज़रा, लेकिन किसी भी जगह रोकथाम की कोशिश नहीं हुई।

सोशल मीडिया पर यह वीडियो अपलोड होते ही वायरल हो गया। कई यूज़र्स ने इस पर लाइक और कमेंट्स किए, कुछ ने इसे “फिल्मी स्टाइल” बताया तो कुछ ने इसे “गैर-जिम्मेदाराना हरकत” कहकर आलोचना की।

इस घटना ने एक बार फिर से यह सवाल खड़ा कर दिया है कि रायपुर जैसे शहरों में ट्रैफिक व्यवस्था और कानून व्यवस्था कितनी सख्त है। बर्थडे सेलिब्रेशन या रील बनाने की आड़ में इस तरह के खतरनाक स्टंट न केवल खुद की बल्कि दूसरों की जान के लिए भी खतरा हैं। प्रशासन को इस पर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए और ऐसे युवाओं को कड़ी सजा देकर उदाहरण पेश करना चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी सड़क को “स्टंट ज़ोन” न बना सके

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment