पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने अपने ही सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर/कोरबा। छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता ननकीराम कंवर ने मुख्यमंत्री निवास रायपुर के सामने धरना देने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा कि 4 अक्टूबर को वे सरकार की अनदेखी और कोरबा कलेक्टर की शिकायतों पर कार्रवाई न होने के विरोध में धरने पर बैठेंगे। इसकी लिखित सूचना रायपुर कलेक्टर को भी भेज दी गई है।

कंवर ने कहा कि मुख्यमंत्री और कई कैबिनेट मंत्रियों के समक्ष वे पहले भी कलेक्टर की मनमानी और अनियमितताओं की शिकायत दर्ज करा चुके हैं। बावजूद इसके प्रशासनिक लापरवाही पर कोई कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कुछ IAS अधिकारियों के नियंत्रण में है, जिसके चलते मुख्यमंत्री तक सही जानकारी नहीं पहुंचाई जाती और उन्हें गुमराह किया जाता है।

भ्रष्टाचार और घोटालों पर उठाई आवाज
पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने दावा किया कि उन्होंने कांग्रेस सरकार के दौरान PSC परीक्षा घोटाला, शराब घोटाला, दवाई खरीदी घोटाला, कोयला घोटाला, DMF घोटाला और फर्जी मुआवजा घोटाला जैसे मामलों को केंद्र तक पहुंचाया था। इन शिकायतों के आधार पर दर्जनों अधिकारियों और नेताओं पर कार्रवाई हुई थी।

कंवर ने यह भी कहा कि ओडीएफ घोटाले की जानकारी उन्होंने मंत्री केदार कश्यप के समक्ष सार्वजनिक मंच से दी थी। उस समय तत्कालीन कलेक्टर ने आरोपों को नकारा था, लेकिन बाद में सैकड़ों शौचालय गड़बड़ी के मामले सामने आए और SDM कार्यालय में दर्ज हुए।

भाजपा सरकार पर भी सवाल
उन्होंने कहा कि आज भाजपा सरकार में भी उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। “अगर मेरे जैसे वरिष्ठ नेता की बात को नजरअंदाज किया जा रहा है, तो आम जनप्रतिनिधियों की शिकायतों का क्या हाल होता होगा?” — कंवर ने सवाल उठाया।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment