हाईकोर्ट के आदेश से खुला जशपुर का मॉडल स्कूल, चुनाव विवाद के बाद से था बंद

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

जशपुर नगर। जशपुर शहर के डोड़काचौरा स्थित शासकीय जवाहर लाल नेहरू आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आखिरकार लगभग दो साल बाद खुल गया है। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने आदेश दिया है कि स्कूल भवन के आधे हिस्से को छात्रों के लिए पुनः खोला जाए।

2023 विधानसभा चुनाव में मतगणना इसी भवन में कराई गई थी। चुनाव परिणाम को पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस उम्मीदवार रामपुकार सिंह ने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। इसके बाद यहां बने ईवीएम स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए पूरे स्कूल को ताले में बंद कर दिया गया था। इससे छात्रों की पढ़ाई और गतिविधियां प्रभावित हो रही थीं।

कोर्ट का आदेश और जिला प्रशासन की पहल

जिला प्रशासन ने हाईकोर्ट में इस बात पर जोर दिया कि स्कूल बंद होने से बच्चों को प्रयोगशाला, लाइब्रेरी और छात्रावास की सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी विश्वास राव मस्के ने हाईकोर्ट में आवेदन प्रस्तुत किया, जिसमें स्ट्रांग रूम को सुरक्षित दीवार से घेरकर शेष हिस्से में स्कूल संचालन की अनुमति मांगी गई।

हाईकोर्ट ने सभी पक्षों की दलील सुनने के बाद यह अनुमति प्रदान की। कोर्ट के निर्देश का पालन करते हुए जिला प्रशासन ने राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम को पुख्ता सुरक्षा दी और बाकी हिस्से को स्कूल संचालन के लिए खोल दिया।

छात्रों को मिलेगी राहत

करीब 220 छात्र इस स्कूल में सीबीएसई पाठ्यक्रम के अंतर्गत पढ़ते हैं। स्कूल बंद रहने से उन्हें छात्रावास और अन्य सुविधाओं में काफी दिक्कतें उठानी पड़ीं। अब स्कूल खुलने से छात्रों को प्रयोगशाला, पुस्तकालय और कक्षाओं की सुविधा फिर से मिलने लगेगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment