शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया अगले महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज खेलेगी। बीसीसीआई ने गुरुवार को टीम की घोषणा कर दी। इस बार चयनकर्ताओं ने यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल को ओपनिंग की जिम्मेदारी दी है, जबकि नारायण जगदीशन को बैकअप में शामिल किया गया। हालांकि, अनुभवी बल्लेबाज अभिमन्यू ईश्वरन को फिर से मौका नहीं मिला।
क्यों नहीं मिला ईश्वरन को मौका?
30 वर्षीय ओपनर अभिमन्यू ईश्वरन इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का अवसर नहीं दिया गया। वेस्टइंडीज सीरीज के लिए चयनकर्ताओं ने उन्हें टीम से बाहर रखा। जब इस विषय में चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर से सवाल हुआ, तो उन्होंने साफ कहा— “घरेलू टेस्ट सीरीज में हमें तीसरे ओपनर की आवश्यकता नहीं है।”
ईश्वरन ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट खेला था, जिसमें उन्होंने पहली पारी में 58 गेंदों पर 44 रन बनाए। हालांकि, यह प्रदर्शन भी उन्हें चयनकर्ताओं का भरोसा नहीं दिला पाया।
अगरकर का नीतीश रेड्डी पर भरोसा
अगरकर ने इस दौरान 22 वर्षीय नीतीश कुमार रेड्डी की तारीफ की। इंग्लैंड दौरे पर चोटिल होने के बाद भी चयन समिति ने उन पर भरोसा जताया। अगरकर ने कहा, “नीतीश बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में टीम को लचीलापन देते हैं। दबाव की स्थिति में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है। वह लगातार विकसित हो रहे खिलाड़ी हैं।”
बुमराह को नहीं मिला आराम
जसप्रीत बुमराह, जो एशिया कप में भारतीय तेज गेंदबाजी की अगुवाई कर रहे हैं, उन्हें वेस्टइंडीज सीरीज में आराम नहीं दिया गया। इंग्लैंड दौरे पर बुमराह का कार्यभार प्रबंधन किया गया था, लेकिन चयनकर्ताओं ने इस बार उन्हें टीम में बरकरार रखा है। संभावना है कि वह प्लेइंग-11 का हिस्सा होंगे। उनके साथ मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा गेंदबाजी की कमान संभालेंगे।







