रायपुर संभाग में न्यायालय प्रकरणों के शीघ्र निराकरण की पहल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

संभागायुक्त रायपुर संभाग श्री महादेव कावरे, भा.प्र.से. के नेतृत्व में न्यायालय आयुक्त एवं न्यायालय अपर आयुक्त में चलाए गए विशेष अभियान के तहत कुल 2610 प्रकरणों का निराकरण कर उन्हें अभिलेख कोष्ठ में सुरक्षित जमा कराया गया है।

संभागायुक्त के प्रयासों से अब दोनों न्यायालयों में सभी प्रकरणों को ऑनलाइन दर्ज कर कार्यवाही भी ऑनलाइन की जा रही है। प्रकरणों के त्वरित निराकरण हेतु आयुक्त न्यायालय में सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार को, वहीं अपर आयुक्त न्यायालय में मंगलवार एवं गुरुवार को नियमित सुनवाई की जा रही है। इसी प्रयास से पिछले एक वर्ष में कुल 2430 प्रकरणों का निराकरण किया गया।

सभी निराकृत प्रकरणों के आदेश ऑनलाइन अपलोड किए जा रहे हैं, जिन्हें केस नंबर डालकर अपीलार्थी एवं उत्तरवादी आसानी से देख सकते हैं। राजस्व विभाग की वेबसाइट https://revenue.cg.nic.in पर जाकर प्रकरण की स्थिति देखी जा सकती है तथा आदेश की प्रति डाउनलोड भी की जा सकती है।

प्रकरण पंजीयन के दौरान अपीलार्थी, उत्तरवादी एवं अधिवक्ताओं के मोबाइल नंबर दर्ज किए जा रहे हैं, जिससे उन्हें प्रकरण क्रमांक एवं अगली पेशी की जानकारी SMS के माध्यम से मिल रही है। इसके अलावा प्रतिदिन की गई कार्यवाही की ऑर्डरशीट भी ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही है।

संभागायुक्त द्वारा विशेष रूप से 5 वर्ष से अधिक पुराने लंबित प्रकरणों की प्राथमिकता के साथ सुनवाई की जा रही है, जिससे लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान संभव हो रहा है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment