शुक्रवार को अक्षय कुमार और अरशद वारसी स्टारर फिल्म ‘जॉली एलएलबी 3’ सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म ने पहले दिन शानदार कमाई कर बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत की थी। लेकिन शनिवार को वीकेंड का फायदा फिल्म को मिलता नजर नहीं आया। आइए जानते हैं दूसरे दिन ‘जॉली एलएलबी 3’ का कलेक्शन कितना रहा।

‘जॉली एलएलबी 3’ का दूसरे दिन का कलेक्शन
ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिलीज के दूसरे दिन शनिवार को फिल्म ‘जॉली एलएलबी 3’ ने 7.53 करोड़ रुपये का बिजनेस किया। वहीं, पहले दिन इसने 12.75 करोड़ रुपये कमाए थे। वीकेंड पर भी फिल्म की कमाई में गिरावट देखी गई।

अब तक का कुल कलेक्शन
दो दिनों में फिल्म का कुल कलेक्शन 20.28 करोड़ रुपये हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म का बजट लगभग 120 करोड़ रुपये है। पहले दिन बजट का 10% वसूल करने के बाद दूसरे दिन कलेक्शन की रफ्तार धीमी हो गई। अब रविवार को उम्मीद है कि ‘जॉली एलएलबी 3’ बॉक्स ऑफिस पर थोड़ी तेजी पकड़ सकती है।

किसानों की कहानी के साथ कॉमेडी का तड़का
इस बार ‘जॉली एलएलबी 3’ की कहानी किसानों के संघर्ष पर आधारित है। फिल्म में दिखाया गया है कि एक किसान जमीन बचाने की जद्दोजहद में भ्रष्ट नेताओं से हारकर आत्महत्या कर लेता है। उसकी विधवा (सीमा बिस्वास) न्याय की लड़ाई लड़ने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाती है। कोर्टरूम में जॉली मिश्रा (अक्षय कुमार) और जॉली त्यागी (अरशद वारसी) आमने-सामने आते हैं। इस गंभीर मुद्दे को कॉमेडी के साथ पेश किया गया है।

दमदार स्टारकास्ट
फिल्म में अक्षय कुमार और अरशद वारसी के अलावा सौरभ शुक्ला, अमृता राव, हुमा कुरैशी, गजराज राव, सीमा बिस्वास और राम कपूर जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए। खासकर अक्षय, अरशद और सौरभ शुक्ला की तिकड़ी दर्शकों को खूब भा रही है।







