बलौदाबाजार।बलौदाबाजार जिले के कसडोल ब्लॉक में चल रहे क्रेशर खदान को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। ग्रामीणों का आरोप है कि खदान के संचालन से लगातार धूल, प्रदूषण और शोर की समस्या बढ़ रही है, जिससे गांव के लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। इसी को लेकर सोमवार को सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे 130 बी पर कोट गांव के पास धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।

धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल हैं। ग्रामीणों का कहना है कि खदान बंद नहीं किया गया तो वे अपना आंदोलन और तेज करेंगे। उनका आरोप है कि खदान से होने वाले प्रदूषण की वजह से बच्चों और बुजुर्गों में बीमारियां फैल रही हैं, वहीं खेती-किसानी पर भी विपरीत असर पड़ रहा है।
कसडोल नगर के मुख्य मार्ग हड़हा पारा चौक पर भी ग्रामीणों का विशाल जमावड़ा देखा गया, जहाँ लोगों ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक प्रशासन खदान पर रोक नहीं लगाता, वे सड़क पर ही आंदोलन करते रहेंगे। फिलहाल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल बना हुआ है।







