बदली हाफ बिजली बिल योजना: उपभोक्ताओं को लगा झटका

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। राज्य सरकार द्वारा लागू की गई हाफ बिजली बिल योजना में हाल ही में किए गए बदलावों का असर अब उपभोक्ताओं की जेब पर सीधा दिखने लगा है। जिन परिवारों को पहले इस योजना का बड़ा लाभ मिलता था, अब वे बढ़े हुए बिलों से परेशान हैं।

पहले जहां 400 यूनिट तक की खपत पर उपभोक्ताओं को आधा बिल देने की छूट थी, अब इस सीमा को घटाकर केवल 100 यूनिट कर दिया गया है। यानी अब केवल 100 यूनिट तक की खपत पर ही बिल आधा होगा, जबकि उससे ज्यादा खपत पर पूरी दर से बिल वसूला जाएगा।

इस बदलाव से सबसे ज्यादा परेशानी उन परिवारों को हो रही है जिनकी मासिक खपत 150 से 400 यूनिट के बीच रहती है। पहले इनका बिल 800 से 900 रुपये आता था, लेकिन अब वही बिल 1800 से 2000 रुपये तक पहुंच गया है। वहीं जिन उपभोक्ताओं का बिल पहले 338 रुपये आता था, उन्हें अब 2000 रुपये तक का भुगतान करना पड़ रहा है।

गर्मी और बारिश के मौसम में पंखा, कूलर, एसी और पंप जैसी जरूरतें बिजली खपत बढ़ा रही हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को भारी-भरकम बिल चुकाना पड़ रहा है।

लोगों का कहना है कि अचानक किए गए इस बदलाव से मध्यम वर्ग और निम्न आय वर्ग के परिवारों पर सीधा बोझ पड़ा है। वहीं विशेषज्ञों का मानना है कि सरकार को इस फैसले की समीक्षा करनी चाहिए, ताकि जरूरतमंद उपभोक्ता राहत पा सकें।

उपभोक्ताओं की परेशानी देखते हुए अब कई परिवार रूफटॉप सोलर सिस्टम की ओर रुख कर रहे हैं, ताकि बिजली खर्च कम किया जा सके।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment