रायपुर।छत्तीसगढ़ में मितानिन बहनों ने नियमितिकरण और बकाया वेतन की मांग को लेकर बड़ा आंदोलन शुरू कर दिया है। राजधानी रायपुर में प्रस्तावित प्रदेशव्यापी हड़ताल में शामिल होने जा रही गरियाबंद की मितानिन कार्यकर्ताओं को प्रशासन ने रास्ते में रोक दिया। इससे नाराज होकर उन्होंने नेशनल हाईवे-130 पर तिरंगा चौक के पास चक्काजाम कर दिया।
प्रशासन से टकराव, सड़क पर उतरीं मितानिन बहनें
मितानिन कार्यकर्ताओं के उग्र विरोध को देखते हुए प्रशासन ने उन्हें कुछ देर बाद आगे बढ़ने की अनुमति दी। हालांकि, करीब 20 किलोमीटर आगे पोड़ के पास पुलिस ने उन्हें दोबारा रोक दिया। इससे आक्रोशित होकर मितानिन बहनों ने एक बार फिर हाईवे पर जाम लगा दिया और नारेबाजी शुरू कर दी।
नियमितिकरण और वेतन को लेकर जंग
मितानिन बहनों का कहना है कि वे लंबे समय से नियमितिकरण और समय पर वेतन भुगतान की मांग कर रही हैं, लेकिन सरकार ने उनकी मांगों को अब तक पूरा नहीं किया। मजबूर होकर उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस फैसला नहीं लिया जाता, तब तक विरोध जारी रहेगा।
राजधानी में प्रदेशव्यापी हड़ताल का ऐलान
प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में मितानिन कार्यकर्ता राजधानी रायपुर पहुंचने वाली हैं। आंदोलनकारियों ने साफ कहा है कि अगर उनकी आवाज नहीं सुनी गई तो यह आंदोलन और उग्र हो सकता है। प्रशासन फिलहाल हालात पर नजर बनाए हुए है।



