रायपुर पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क का बड़ा भंडाफोड़ किया है। ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत कबीर नगर इलाके से पंजाब निवासी रूपिंदर सिंह उर्फ पिंदर उर्फ पाबलो (24) को गिरफ्तार किया गया। यह सरगना पाकिस्तान से हेरोइन मंगवाकर पंजाब के जरिए छत्तीसगढ़ में सप्लाई करता था। आरोपी के पास से 91 ग्राम अफीम, 87 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), एक देशी पिस्टल, 82 जिंदा कारतूस और चार मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत लगभग 35 लाख रुपये आंकी गई है।
कैसे दबोचा गया नशा तस्कर?
एंटी क्राइम और साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि वीर सावरकर नगर, बंगाली होटल के पास एक युवक नशीले पदार्थ के साथ मौजूद है। मौके पर दबिश देकर पुलिस ने रूपिंदर सिंह को पकड़ा। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह लंबे समय से पाकिस्तान-पंजाब नेटवर्क से हेरोइन मंगवाकर छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर और धमतरी सहित कई जिलों में खपाता था।
कैसे चल रहा था ड्रग्स का कारोबार?
आरोपी पाबलो कई फर्जी नामों और अंतरराष्ट्रीय वर्चुअल नंबर का इस्तेमाल करता था। वह ग्राहकों से व्हाट्सऐप कॉलिंग, लोकेशन शेयरिंग और क्यूआर कोड पेमेंट के जरिए नशे का सौदा करता था। इस नेटवर्क में पहले से गिरफ्तार जग्गू, विजय मोटवानी और सूरज उर्फ भूषण शर्मा जैसे आरोपी भी जुड़े थे।
पाबलो का आपराधिक रिकॉर्ड
पाबलो पहले भी रायपुर में नारकोटिक एक्ट और पंजाब में आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस के अनुसार, वह कई मामलों में फरार भी रहा है।
अन्य गिरफ्तारियां और बरामदगी
मुख्य आरोपी के अलावा नौशाद खान, मोहम्मद खान और अरबाज खान को भी दबोचा गया। वहीं, आमानाका क्षेत्र में दर्ज एक केस में आरोपी की मां रानो ढिल्लन को भी गिरफ्तार किया गया। अब तक इस नेटवर्क से जुड़े 42 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और करीब 2.11 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त हुई है।







