बक्सर। बिहार में चुनावी सरगर्मी तेज़ होते ही राजनीतिक हमले भी तेज़ हो गए हैं। प्रशांत किशोर (PK) ने बक्सर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बक्सर क्रांतिकारियों की भूमि रही है। इसी जगह पर कभी नीतीश कुमार के काफिले पर पत्थरबाज़ी हुई थी और अब यहीं से उनका पूरा हिसाब जनता करेगी।
तमिलनाडु के CM स्टालिन पर हमला
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के बिहार दौरे को लेकर भी PK ने तीखा बयान दिया। उन्होंने कहा, “जब तमिलनाडु में बिहार के बच्चों को पीटा गया था, तब स्टालिन कहां थे? आज वे यहां आकर वोट मांग रहे हैं। यह बिहारियों के मुंह पर तमाचा है।”
नीतीश सरकार पर तीखा प्रहार
नीतीश सरकार के मंत्री श्रवण कुमार पर हुए हमले के बाद PK ने कहा कि यह जनआक्रोश की शुरुआत है। उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार की सरकार ने छात्रों, आंगनबाड़ी और आशा सेविकाओं, मुखिया-सरपंचों को पटना में पीटा। अब जनता की बारी है। जब ये वोट मांगने जाएंगे तो जनता इन्हें दौड़ाकर भगाएगी।”
बिहार की राजनीति में गरमाहट
PK के इस बयान ने बिहार की राजनीति में नया तड़का लगा दिया है। एक ओर जहां महागठबंधन के नेता चुनावी तैयारियों में जुटे हैं, वहीं PK लगातार जनसभाओं के जरिए नीतीश कुमार और उनके गठबंधन को घेरने में लगे हैं।







