निशा और मुस्कान ने दिलाया भारत को डबल गोल्ड, 9 पदक जीतकर रचा इतिहास

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

भारत के युवा मुक्केबाजों ने अंडर-19 एशियाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2025 में दमदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया। महिला वर्ग में निशा और मुस्कान ने स्वर्ण पदक जीतकर भारत को गौरवान्वित किया, जबकि अन्य खिलाड़ियों ने रजत और कांस्य पदक हासिल किए। इस प्रतियोगिता में भारतीय महिला मुक्केबाजों का दबदबा साफ नजर आया, जहां 10 में से 9 खिलाड़ियों ने पदक अपने नाम किए। कुल मिलाकर भारत ने दो स्वर्ण, पांच रजत और दो कांस्य पदक हासिल किए।

भारतीय टीम ने कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान और चीन जैसे मुक्केबाजी के मजबूत देशों के खिलाफ शानदार चुनौती पेश की। निशा ने 54 किग्रा भार वर्ग में चीन की सिरुई यांग को कड़े मुकाबले में 3-1 से मात दी। वहीं, मुस्कान (57 किग्रा) ने आक्रामक खेल दिखाते हुए कजाकिस्तान की अयाझान एर्मेक को 3-2 से हराया।

रजत पदक जीतने वाली खिलाड़ियों में आरती कुमारी (75 किग्रा) शामिल रहीं, जिन्हें चीन की टोंगटोंग गु से हार झेलनी पड़ी। कृतिका वासन (80 किग्रा) को कजाकिस्तान की कुराले येगिनबाइकिजी ने 3-2 से हराया, जबकि पारची टोकस (80+ किग्रा) को उज्बेकिस्तान की सोबिराखोन शाहोबिदिनोवा से करीबी मुकाबले में हार मिली।

इसके अलावा, विनी (60 किग्रा) को उज्बेकिस्तान की सेवारा ममातोवा ने पराजित किया और 65 किग्रा वर्ग के फाइनल में जापान की अरिंदा अकीमोटो ने निशा को 4-1 से हराकर स्वर्ण पदक से वंचित कर दिया।

पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबलों में तीन भारतीय मुक्केबाज हिस्सा लेंगे, जबकि अंडर-22 वर्ग में भारतीय टीम पहले ही 13 पदक पक्का कर चुकी है। इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता में भारत ने कुल 40 खिलाड़ियों का दल उतारा है, जिसमें युवा खिलाड़ियों का प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment