जॉन अब्राहम की नई एक्शन थ्रिलर ‘तेहरान’ का ट्रेलर शुक्रवार 1 अगस्त को रिलीज कर दिया गया है, जो शुरू से अंत तक थ्रिल और सस्पेंस से भरपूर नजर आता है। फिल्म 14 अगस्त को ओटीटी प्लेटफॉर्म Zee5 पर स्ट्रीम होगी। ट्रेलर लॉन्च के साथ ही दर्शकों में उत्साह देखा जा रहा है।
जॉन अब्राहम इस फिल्म में एक सख्त और जिम्मेदार पुलिस अधिकारी के किरदार में नजर आएंगे, जो अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी नेटवर्क को उजागर करने के मिशन पर हैं। ट्रेलर की शुरुआत एक गंभीर वॉयसओवर से होती है, जिसमें कहा जाता है, “ये इंटरनेशनल मैटर है, तीन देशों में ब्लास्ट हुआ है…” और उसके बाद जॉन की जबरदस्त एंट्री होती है।

‘तेहरान’ को सच्ची घटनाओं पर आधारित बताया गया है, और इसमें जॉन के कई दमदार डायलॉग्स हैं, जो दर्शकों पर गहरा प्रभाव डालते हैं। एक डायलॉग में जॉन कहते हैं, “जब एक सोल्जर दूसरे सोल्जर को मारता है तो बात देश की होती है, लेकिन जब एक आतंकवादी मासूमों की जान लेता है, तो मामला बेहद निजी हो जाता है।”
फिल्म का निर्देशन अरुण गोपालन ने किया है और प्रोडक्शन की कमान दिनेश विजन ने संभाली है। यह फिल्म ओटीटी पर रिलीज होने के बावजूद थिएटर क्वालिटी का अनुभव देने का दावा कर रही है। सोशल मीडिया पर भी ट्रेलर को भरपूर सराहना मिल रही है। कई यूजर्स ने लिखा कि “इस फिल्म को थिएटर में आना चाहिए था।”







