सात्विक-चिराग की दमदार वापसी, बीडब्ल्यूएफ रैंकिंग में टॉप-10 में फिर एंट्री; लक्ष्य सेन, प्रणय और उन्नति हुड्डा को भी रैंकिंग में फायदा

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

भारतीय बैडमिंटन फैंस के लिए अच्छी खबर है। एशियाई खेलों के गोल्ड मेडलिस्ट सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी बीडब्ल्यूएफ पुरुष युगल विश्व रैंकिंग में एक बार फिर शीर्ष-10 में लौट आए हैं। हाल ही में चीन ओपन के सेमीफाइनल तक पहुंचने के चलते इस जोड़ी को तीन स्थानों का फायदा हुआ और वे अब 10वें पायदान पर हैं।

सात्विक-चिराग को सेमीफाइनल मुकाबले में मलेशियाई जोड़ी आरोन चिया और सोह वूइ यिक के खिलाफ 21-13, 21-17 से हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले वे सिंगापुर ओपन और इंडिया ओपन में भी अंतिम-4 तक पहुंचे थे, जिससे उनके प्रदर्शन में निरंतरता बनी हुई है।

पुरुष एकल रैंकिंग में लक्ष्य सेन ने शानदार छलांग लगाते हुए 54442 अंकों के साथ 17वां स्थान हासिल किया है। वहीं, अनुभवी एच एस प्रणय भी दो पायदान चढ़कर 33वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जो उनके लिए वापसी का संकेत है।

महिला एकल में उभरती हुई स्टार उन्नति हुड्डा ने बीते सप्ताह पी वी सिंधू को हराकर सबका ध्यान खींचा था। इसका फायदा उन्हें बीडब्ल्यूएफ रैंकिंग में मिला और वे अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 31वीं रैंकिंग पर पहुंच गई हैं। सिंधू अभी भी 15वें स्थान पर बनी हुई हैं।

महिला युगल की बात करें तो त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी 11वें पायदान पर स्थिर बनी हुई है। वहीं, तनीषा क्रास्टो और अश्विनी पोनप्पा दो स्थान ऊपर चढ़कर 45वें नंबर पर पहुंच गई हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment