मुंबई। महाराष्ट्र में हिंदी भाषियों पर हमलों को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे और भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के बीच तीखी जुबानी जंग छिड़ गई है। मराठी भाषा को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब राजनीतिक मोड़ ले चुका है, जिसमें दोनों नेता एक-दूसरे पर हमलावर हो गए हैं।
पिछले दिनों एक दुकानदार को केवल मराठी न बोलने पर पीटे जाने की घटना के बाद निशिकांत दुबे ने इस मुद्दे को जोरशोर से उठाया और कहा, “हिम्मत है तो उर्दू, तमिल या तेलुगू बोलने वालों से भिड़ो। हिंदी भाषियों पर अत्याचार अब बर्दाश्त नहीं होगा।” उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “अगर इतनी हिम्मत है तो यूपी-बिहार आओ, पटक पटक के मारेंगे।”
इस पर राज ठाकरे ने मुंबई में एक जनसभा को संबोधित करते हुए दुबे को ललकारा और कहा, “अगर दम है तो मुंबई आओ, समुद्र में डुबो डुबो कर मारेंगे।” ठाकरे का यह बयान खास बात यह रही कि उन्होंने इसे हिंदी में ही कहा।
अब निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया पर इसका जवाब चुटकी लेते हुए दिया और राज ठाकरे के वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा – “मैंने राज ठाकरे को हिंदी सिखा दी?” यह तंज उन पर इसलिए था क्योंकि मनसे हमेशा से महाराष्ट्र में मराठी भाषा को प्राथमिकता देने की वकालत करता रहा है, वहीं खुद ठाकरे ने हिंदी में जवाब देकर विरोधाभास पैदा कर दिया।







