फ्रीस्टाइल ग्रैंडस्लैम शतरंज: अर्जुन एरिगेसी सेमीफाइनल में, प्रज्ञानंद खिताबी रेस से बाहर

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

नई दिल्ली। फ्रीस्टाइल ग्रैंडस्लैम शतरंज टूर्नामेंट में भारत के ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगेसी ने दमदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है, वहीं आर प्रज्ञानंद रोमांचक मुकाबले में शिकस्त के बाद खिताबी होड़ से बाहर हो गए हैं।

एरिगेसी ने उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसातोरोव को 1.5-0.5 के अंतर से हराकर अंतिम चार में अपनी जगह पक्की की। दूसरी ओर, प्रज्ञानंद को अमेरिका के दिग्गज फैबियानो कारुआना के खिलाफ कड़े मुकाबले में 3-4 से हार का सामना करना पड़ा।

कड़ा मुकाबला, तीन बार बनाई बढ़त

प्रज्ञानंद और कारुआना के बीच सात निर्णायक मुकाबले खेले गए। प्रज्ञानंद ने तीन बार बढ़त हासिल की, लेकिन अंततः निर्णायक सातवीं बाजी में उन्हें हार झेलनी पड़ी। इस हार के बाद वे अब निचले ब्रैकेट में उतर गए हैं।

अन्य मुकाबलों का हाल

अमेरिका के लेवोन एरोनियन और हैंस मोक निएमैन ने भी सेमीफाइनल में जगह बना ली है। एरोनियन ने हिकारू नाकामुरा को 2.5-1.5 से हराया, जबकि निएमैन ने जोवोखिर सिंदारोव को 4-2 से मात दी।

अब सेमीफाइनल में अर्जुन एरिगेसी का सामना एरोनियन से और निएमैन का मुकाबला कारुआना से होगा।

कार्लसन ने दिखाया दबदबा

निचले ब्रैकेट में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने भारत के विदित गुजराती को 2-0 से हराकर अपनी लय दोबारा हासिल की।

वहीं अन्य मुकाबलों में अमेरिका के वेस्ली सो ने सैमुअल सेवियन को, लीनियर डोमिंगेज पेरेज ने बिबिसारा अस्सौबायेवा को 1.5-0.5 से हराया। जर्मनी के विन्सेंट कीमर ने रॉबसन रे को 2.5-1.5 से शिकस्त दी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment