कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को केरल के कोट्टायम में पूर्व मुख्यमंत्री ओमान चांडी की दूसरी पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPM) पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन दोनों संगठनों में आम जनता के प्रति संवेदना की कमी है, और यह उनकी सबसे बड़ी वैचारिक आपत्ति है।
राहुल गांधी ने कहा, “अगर कोई राजनीति में है, तो उसे जनता की भावनाएं समझनी चाहिए, उनकी बातें सुननी चाहिए और उनके करीब पहुंचने की कोशिश करनी चाहिए। यह मेरी सबसे बड़ी शिकायत है – संघ और माकपा लोगों की परवाह नहीं करते।”
उन्होंने आगे कहा कि भारतीय राजनीति की यह सबसे बड़ी विडंबना है कि बहुत कम नेता अब लोगों की भावनाओं को महसूस करते हैं और ईमानदारी से उनसे जुड़ते हैं।
रॉबर्ट वाड्रा के समर्थन में उतरे राहुल
हरियाणा के शिकोहपुर में ज़मीन सौदे से जुड़े धनशोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ आरोप-पत्र दाखिल किए जाने को लेकर भी राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला किया।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “मेरे बहनोई को पिछले दस वर्षों से सत्ता पक्ष की प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। ताज़ा आरोप-पत्र इसी श्रृंखला की एक और कड़ी है। मैं रॉबर्ट, प्रियंका और उनके बच्चों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा हूं।”
उन्होंने भरोसा जताया कि “अंततः सच्चाई की जीत होगी और यह राजनीतिक प्रतिशोध खत्म होगा।”







