मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपनी दुबई यात्रा के पहले दिन भारतीय प्रवासी समुदाय, विशेष रूप से इंदौर से जुड़े उद्यमियों से महत्वपूर्ण मुलाकात की। यह बैठक दुबई में आयोजित इंदौरी इंटरनेशनल बिजनेस नेटवर्क (IIBN) के विशेष कार्यक्रम में हुई, जिसमें 25 से अधिक कंपनियों के CEO शामिल हुए। इस अवसर पर 15 से ज्यादा उद्योगपतियों ने मध्यप्रदेश में निवेश की गहरी रुचि दिखाते हुए निवेश प्रस्ताव प्रस्तुत किए।
IIBN ग्रुप दुबई में स्थित 750 से अधिक सदस्यीय एक लाइसेंस प्राप्त समुदाय है, जिसमें व्यापारी, डॉक्टर, इंजीनियर, बैंकर और शिक्षाविद जैसे विभिन्न क्षेत्रों के पेशेवर शामिल हैं। IIBN के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया कि दुबई में रहने वाले इंदौरी प्रवासी मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं को लेकर पूरी तरह उत्साहित हैं। उन्होंने राज्य सरकार से मिलने वाले मार्गदर्शन और सहयोग पर भी पूर्ण विश्वास जताया।
इस दौरान दुबई निवासी उद्योगपति प्रवीण मेहता ने दो बड़े निवेश प्रस्ताव रखे। पहला प्रस्ताव वरिष्ठ नागरिकों के लिए 100 करोड़ रुपये की लागत से निजी क्षेत्र में एक विशेष देखभाल परियोजना का था। दूसरा, शून्य कार्बन उत्सर्जन वाली एक सस्टेनेबल सिटी की स्थापना के लिए लगभग 1000 करोड़ रुपये के निवेश का था। इस प्रस्ताव ने मध्यप्रदेश में ग्रीन डेवलपमेंट की दिशा में एक बड़ी उम्मीद जगाई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इन प्रस्तावों को उत्साहपूर्वक स्वीकारते हुए कहा कि राज्य सरकार हर संभावित निवेश के लिए आवश्यक सहयोग और समर्थन देगी। इस मुलाकात ने दुबई में बसे भारतीयों और मध्यप्रदेश के बीच व्यापारिक संबंधों को एक नई दिशा दी है।







