सुकमा-बीजापुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, नक्सलियों के गुप्त डम्प से हथियार और नकदी बरामद

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों को दो बड़ी सफलताएं मिली हैं। सुकमा जिले के चिंतलनार थाना क्षेत्र में नक्सलियों के गुप्त डम्प से 8 देशी हथियार, 229 जिंदा कारतूस, टिफिन बम, हैंड ग्रेनेड और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।

बरामद हुए हथियारों में दो सिंगल शॉट राइफल और छह भरमार बंदूकें शामिल हैं। कारतूसों में एके-47 के 98, एसएलआर के 49, इंसास के 35, .303 राइफल के 30, 9 एमएम के 13 और 12 बोर के चार कारतूस हैं। साथ ही डेटोनेटर और नक्सली उपयोग की अन्य सामग्री भी मिली है।

यह कार्रवाई आत्मसमर्पित नक्सलियों से प्राप्त सूचना के आधार पर चिंतलनार क्षेत्र के रासापल्ली और गुण्डराजगुड़ेम के जंगल-पहाड़ी इलाकों में चलाई गई सर्चिंग के दौरान की गई। सुरक्षा बलों ने छिपाकर रखे गए इस डम्प को खोजकर हथियारों और विस्फोटकों की जब्ती की है।

वहीं, बीजापुर जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के बड़ेपल्ली गांव के जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए माओवादी डम्प से 39 लाख 77 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। यह राशि 500-500 रुपये के कुल 80 बंडलों में रखी गई थी।

बीजापुर में यह कार्रवाई डीआरजी, भैरमगढ़ थाना पुलिस और बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) की संयुक्त टीम ने की। खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान में जमीन में दबाई गई नकदी को बरामद किया गया।

दोनों कार्रवाइयों में डीआरजी, जिला पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों की संयुक्त टीमों ने भूमिका निभाई है। इन कार्रवाइयों से नक्सलियों के हथियार, विस्फोटक सामग्री और वित्तीय संसाधनों को बड़ा झटका लगा है।

इससे पहले भी नक्सली ठिकानों से 7 करोड़ 60 लाख रुपये से अधिक नकदी और 8.5 किलो सोना बरामद किया जा चुका है। सुरक्षा बलों का कहना है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तलाशी और एंटी-नक्सल अभियान जारी रखा जाएगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment