फरार हुए चार कैदी, फिर जेल में ही एक कैदी की मौत!

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

महासमुंद जिला जेल में एक के बाद एक घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। चार कैदियों के फरार होने के बाद अब वहां बंद एक विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कैदी की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान बिलासपुर के तिफरा स्थित यदुनंदन नगर निवासी सैय्यद अशफाक के रूप में हुई है। वह साल 2023 से एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले में जेल में बंद था। अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक कैदी की मौत हार्ट अटैक की वजह से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सामने आएगी। इस मामले में पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है।

गौरतलब है कि 16 नवंबर की सुबह करीब 4 बजे इसी जेल से चार कैदी दीवार फांदकर फरार हो गए थे। इनमें धर्मवीर, लीलाधर और राजेंद्र एनडीपीएस मामलों में बंद थे, जबकि पंचराम चोरी के मामले में आरोपी था।

पुलिस ने फरार कैदियों में से एक को सरायपाली इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। बाकी तीन कैदियों की तलाश अभी भी जारी है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने महासमुंद जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था और कैदियों की देखरेख पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment