बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर धरमजयगढ़ में प्रदेश स्तरीय समारोह, मंच पर होंगे बड़े नेता

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में प्रदेश स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी सहित कई वरिष्ठ नेता भी मंच पर होंगे। आयोजन को लेकर राजनीतिक और संगठनात्मक दोनों स्तर पर खासी तैयारियां चल रही हैं।

आयोजन में प्रदेशभर से जनजातीय समाज के 50 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद नितिन नवीन का यह छत्तीसगढ़ का पहला दौरा होगा, इसलिए कार्यक्रम को राजनीतिक लिहाज से भी बेहद अहम माना जा रहा है। प्रदेश में 11 से 18 नवंबर तक आठ दिवसीय जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है, जिसके तहत विभिन्न जिलों और मंडलों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

धरमजयगढ़ में होने वाले मुख्य समारोह में जनजातीय नायकों के संघर्ष, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और आदिवासी संस्कृति की झलक दिखाई जाएगी। भगवान बिरसा मुंडा के साथ शहीद वीर नारायण सिंह और वीर गुंडाधुर जैसे जनजातीय नायकों को भी इस अवसर पर याद किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से जनजातीय गौरव और उनकी विरासत को समाज के सामने रखने का प्रयास किया जाएगा।

समारोह में विभिन्न सरकारी विभागों के प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को दर्शाने वाले कार्यक्रम भी आयोजन का हिस्सा रहेंगे।

कार्यक्रम की तैयारियां तेज गति से चल रही हैं। प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी आयोजन स्थल का निरीक्षण कर चुकी हैं। वित्त मंत्री ओपी चौधरी और जिला प्रशासन ने भी मंच, सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल तथा आवागमन जैसी व्यवस्थाओं की समीक्षा की है। बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति को देखते हुए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जा रहे हैं।

अब नजर इस बड़े आयोजन पर रहेगी कि जनजातीय समाज के मुद्दों और विकास से जुड़े सवालों को मंच पर कितनी जगह मिलती है। साथ ही नितिन नवीन के पहले छत्तीसगढ़ दौरे को भाजपा के संगठनात्मक रणनीति और जनजातीय समाज से जुड़ाव के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment