हड़ताली पटवारियों के लिए मुश्किल बढ़ी: 34 और सस्पेंड, 186 को अंतिम चेतावनी

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ में हड़ताल पर गए पटवारियों के खिलाफ सरकार की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। शुक्रवार को प्रदेश के आठ जिलों में 34 और हड़ताली पटवारियों को निलंबित किया गया, जिसके बाद प्रदेशभर में निलंबित पटवारियों की संख्या बढ़कर 141 हो गई है।

प्रशासन ने हड़ताल में शामिल पटवारियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए अब तक 3,912 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। इसके अलावा 95 पटवारियों का तबादला किया गया है, जबकि 186 पटवारियों को तत्काल कार्य पर लौटने के निर्देश के साथ अंतिम चेतावनी दी गई है।

निलंबन की कार्रवाई

नवीनतम कार्रवाई में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 8, जशपुर में 9, कोरबा में 2, मुंगेली में 4, जांजगीर-चांपा में 4, सक्ती में 2, सुकमा में 1 और बीजापुर में 4 पटवारी निलंबित किए गए। इस प्रकार एक ही दिन में कुल 34 पटवारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।

प्रशासन का कहना है कि राजस्व संबंधी कार्यों के सुचारू संचालन और आम नागरिकों को हो रही असुविधा को दूर करने के लिए यह कदम उठाए जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने हड़ताली पटवारियों को तत्काल कार्यस्थल पर लौटकर शासकीय दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया है।

सेवा में ब्रेक और चेतावनी

निलंबन और नोटिस के अलावा 336 पटवारियों की सेवा में ब्रेक की कार्रवाई की गई है। वहीं 1,007 पटवारियों को सेवा व्यवधान के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि 37 पटवारियों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की गई है।

लगातार हो रही निलंबन, तबादला, नोटिस और सेवा में ब्रेक की कार्रवाई से स्पष्ट है कि सरकार हड़ताल के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाए हुई है। दूसरी ओर, पटवारी हड़ताल जारी होने से राजस्व कार्यों और आम नागरिकों की समस्याओं को लेकर चिंता बनी हुई है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment