AI से तस्वीरें बदलकर बदनाम करने वाला द हनी बैजर न्यूज का मालिक गिरफ्तार

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बिलासपुर की सरकंडा पुलिस ने तथाकथित न्यूज पोर्टल ‘द हनी बैजर न्यूज’ के संचालक दीपक टंडन को AI से तस्वीरें बदलकर भ्रामक और अपमानजनक खबरें प्रकाशित करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. आरोपी को रायपुर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से पकड़ा गया.

पुलिस के मुताबिक, 29 अक्टूबर को मणीशंकर पांडेय ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया के जरिए आपत्तिजनक शीर्षकों के साथ भ्रामक खबरें प्रसारित की जा रही थीं. इन खबरों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI तकनीक की मदद से तस्वीरों को बदलकर गलत संदर्भ में प्रस्तुत करने का आरोप है. इससे संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही थी.

शिकायत की जांच के बाद पुलिस टीम आरोपी की तलाश में रायपुर पहुंची और उसे रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया. कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. पुलिस के अनुसार, मोबाइल की जांच में न्यूज पोर्टल से जुड़ी कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिले हैं. इन डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है.

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धारा 4 और 5 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) के तहत कार्रवाई की है. पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं. मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. पुलिस ने बताया कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment