रायपुर।छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के दो दिवसीय दौरे का आज दूसरा दिन है। राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में सुबह से शाम तक लगातार बैठकों का सिलसिला चल रहा है। सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू के साथ वे संगठन, सरकार और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय व आगामी रणनीति पर मंथन कर रही हैं।
दिन की शुरुआत प्रदेश के सभी भाजपा विधायकों के साथ बैठक से हुई। सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक चली इस बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, जमीनी स्थिति और पार्टी के भावी कार्यक्रमों पर चर्चा हो रही है।
इसके बाद सुबह 11:30 से दोपहर 12:30 बजे तक प्रदेश के भाजपा सांसदों के साथ अलग बैठक निर्धारित है। दोपहर 12:30 बजे से 2 बजे तक मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित राज्य मंत्रिमंडल के साथ विशेष बैठक होगी, जिसमें सरकार और संगठन के कामकाज पर समीक्षा हो सकती है।
दोपहर 3 बजे से 4:30 बजे तक विभिन्न निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों-उपाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक होगी। दौरे का अंतिम चरण शाम 4:30 से 5:30 बजे तक विचार परिवार के प्रमुख पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों के साथ संवाद का है।
विधायक बैठक में पहुंच चुके हैं। कार्यालय के गेट के बाहर उनकी गाड़ियां खड़ी देखी गईं, जबकि सुरक्षाकर्मी भी बाहर रखे गए। विधायकों को पैदल कार्यालय के अंदर जाना पड़ा, जहां उन्होंने रजिस्ट्रेशन कराया, पहचान पत्र पहना और तत्पश्चात बैठक में शामिल हुए।
स्मृति ईरानी के इस तरीके को पार्टी में अनुशासन और सादगी का संदेश माना जा रहा है। पहले दिन भी उन्होंने बड़े काफिले, ढोल-ताशे और भव्य स्वागत से परहेज किया था और संगठन के विभिन्न स्तरों के साथ करीब नौ घंटे तक बैठकें की थीं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रभारी का संदेश स्पष्ट है कि जो नेता संगठनात्मक अनुशासन और जिम्मेदारी समझ रहे हैं, उनके लिए रास्ता आसान रहेगा। वहीं, जो अभी भी इसे गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, उनके कामकाज की समीक्षा और रिपोर्ट तैयार किए जाने की चर्चा है। इसे आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है।






