कोरबा जिले के कटघोरा वन मंडल के पसान रेंज में 50 से अधिक हाथियों के एक बड़े दल की सक्रियता से ग्रामीणों में भारी दहशत फैल गई है। हाथियों का झुंड तेलियामार और आसपास के जंगली इलाकों में लगातार घूम रहा है। हाथियों ने खेतों में पकी धान की फसल को बुरी तरह रौंद डाला है, जिससे किसानों की मेहनत की कमाई बर्बाद हो गई है।
हाथियों की बढ़ती सक्रियता के बाद ग्रामीण रातभर जागकर अपने खेतों और घरों की रखवाली कर रहे हैं। कई गांवों में लोग डर के चलते घर के अंदर सोने के बजाय छत पर सोने को मजबूर हैं, ताकि हाथी आने की सूचना मिलते ही सुरक्षित स्थान पर पहुंच सकें। हाथियों के खौफ से बच्चों की पढ़ाई और ग्रामीणों की रातों की नींद भी प्रभावित हो रही है।
वन विभाग ने हाथियों की आवाजाही पर नजर रखने के लिए विशेष टीमें तैनात की हैं। विभाग की गाड़ियों और कर्मचारियों द्वारा दिन-रात निगरानी की जा रही है। साथ ही प्रभावित क्षेत्र के 10 गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
वन विभाग ‘गज संकेत’ ऐप के माध्यम से भी ग्रामीणों को हाथियों की मौजूदगी और उनकी आवाजाही से जुड़े अलर्ट भेज रहा है। विभाग का कहना है कि जिन किसानों की फसल या मकान को नुकसान हुआ है, उनका सर्वे कर नियमानुसार मुआवजे की कार्रवाई की जाएगी।
फसल बर्बाद होने से किसानों में वन विभाग के प्रति आक्रोश है। ग्रामीणों की मांग है कि हाथियों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ाई जाए, ताकि आगे किसी बड़ी घटना को रोका जा सके। वन विभाग लगातार हाथियों के मूवमेंट पर नजर रखकर लोगों को सावधान रहने की अपील कर रहा है।






