नवा रायपुर में वन्यजीव सप्ताह 2026 का आयोजन, 124 विद्यार्थियों ने कला और प्रश्नोत्तरी से दिया संरक्षण का संदेश

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में वन्यजीव सप्ताह 2026 के तहत नवा रायपुर स्थित अरण्य भवन में “कला एवं चित्रों के माध्यम से वन्यजीव” कार्यक्रम आयोजित किया गया। छत्तीसगढ़ वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने कलिंगा विश्वविद्यालय के ग्रीन क्लब और प्राणीशास्त्र विभाग के सहयोग से यह आयोजन किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, प्राकृतिक आवासों की अहमियत और इंसान-वन्यजीव के बीच बेहतर तालमेल के प्रति जागरूक करना था। इस आयोजन में रायपुर के अलग-अलग स्कूलों और कॉलेजों से कुल 124 विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

चार प्रतियोगिताओं में दिखी विद्यार्थियों की प्रतिभा

कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए चार प्रमुख प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें चित्रकला प्रतियोगिता में 52 प्रतिभागी, रंगोली प्रतियोगिता में 19 टीमें, निबंध लेखन में 16 प्रतिभागी और वन्यजीव जागरूकता प्रश्नोत्तरी में 6 टीमों ने हिस्सा लिया।

विद्यार्थियों ने अपनी कला और लेखन के जरिए वन्यजीवों को बचाने और उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण का संदेश दिया।

प्रश्नोत्तरी में दिखा खास उत्साह

कार्यक्रम का सबसे खास आकर्षण वन्यजीव जागरूकता प्रश्नोत्तरी रही। इसका संचालन रायपुर के वनमंडलाधिकारी एवं भारतीय वन सेवा के अधिकारी श्री पंकज राजपूत और कलिंगा विश्वविद्यालय की सहायक प्राध्यापक सुश्री मानसी मजूमदार ने किया।

वन्यजीवों की पहचान और उनके प्राकृतिक आवास से जुड़े सवालों ने विद्यार्थियों की दिलचस्पी बढ़ाई। सही जवाब देने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन पुरस्कार भी दिए गए।

वरिष्ठ अधिकारियों ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह

कार्यक्रम में प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख श्री अरुण पांडेय और प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) श्री ओ.पी. यादव विशेष रूप से मौजूद रहे। वन विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी विद्यार्थियों से बातचीत की और उन्हें जैव विविधता एवं वन्यजीवों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के समापन पर अरुण पांडेय ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वन्यजीव संरक्षण के प्रति आज दिखाई गई जागरूकता को विद्यार्थी आगे भी अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment