बालोद एसिड अटैक: आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों पर फेंकी कालिख, फांसी की मांग में उमड़ा जनसैलाब

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एकतरफा प्यार में 22 वर्षीय युवती पर एसिड अटैक करने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस ने मुंडन कराकर पैदल कोर्ट ले गए, जिसके बाद स्थानीय लोगों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला।  पुलिस ने मंगलवार को आरोपियों यश कुमार सोनकर और करण कुंजाम को गिरफ्तार करने के बाद उनका सिर मुंडवाया और थाने से न्यायालय तक पैदल जुलूस निकाला।

घड़ी चौक पर जैसे ही आरोपियों को ले जाया गया, वहां मौजूद आक्रोशित भीड़ ने उनके चेहरों पर कालिख पोत दी और जूते-चप्पलों की माला पहनाकर विरोध जताया।  छात्र-छात्राओं सहित स्थानीय लोग “आरोपियों को फांसी दो” के नारे लगाते हुए नजर आए और मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में त्वरित सुनवाई की मांग करने लगे।  भारी पुलिस सुरक्षा के बीच दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां अधिवक्ताओं ने भी स्पष्ट कर दिया कि वे इन आरोपियों का केस नहीं लड़ेंगे।

पीड़िता लाइब्रेरी से लौट रही थी, जब उसके प्रेमी यश कुमार सोनकर ने शादी का प्रस्ताव ठुकराने से नाराज होकर अपने दोस्त करण कुंजाम के साथ मिलकर यह कायराना हमला किया।  पुलिस ने 8 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया।

इस घटना के बाद से दल्ली राजहरा और आसपास के इलाकों में लोग भारी मात्रा में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।  लोग एसिड की बिक्री करने वाले की भी जांच और उसे समान धारा में आरोपी बनाने की मांग कर रहे हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment