कुकेरा में सेवा संकल्प पखवाड़ा: सांसद बृजमोहन ने स्वच्छता दीदियों का किया सम्मान

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने और उनके जन्मदिवस के अवसर पर देशभर में चल रहे ‘सेवा संकल्प पखवाड़ा’ के तहत रायपुर लोकसभा क्षेत्र के धरसीवां विधानसभा के ग्राम कुकेरा में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस दौरान गांव में स्वच्छता अभियान चलाया गया। साथ ही निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया, जिसमें ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें मुफ्त दवाएं दी गईं। कार्यक्रम में स्वच्छता दीदियों को सम्मानित किया गया और सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने ग्रामीणों को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना पूरा जीवन देश और जनता की सेवा में लगाया है। उन्होंने कहा कि आज भारत का दुनिया में प्रभाव बढ़ा है और देश की सीमाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार ने कड़े कदम उठाए हैं।

सांसद ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के जीवन में बदलाव लाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत माताओं-बहनों के खातों में हर महीने 1000 रुपये की राशि सीधे पहुंच रही है। वहीं, छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल धान खरीद रही है।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के जरिए गरीब परिवारों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास, मुफ्त राशन और घर-घर नल से जल जैसी सुविधाएं भी लोगों तक पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकार के दौरान रुके आवास और विकास कार्यों को डबल इंजन की सरकार ने फिर से गति दी है।

कुकेरा और नवापारा क्षेत्र में पेयजल की समस्या को लेकर सांसद ने जल्द पानी की टंकी का निर्माण पूरा कराने का भरोसा भी दिलाया।

बृजमोहन अग्रवाल ने स्वच्छता दीदियों के काम की सराहना करते हुए कहा कि गांव और समाज को साफ-सुथरा रखने में उनका योगदान महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे, जहां उनका चेकअप किया गया और जरूरत के अनुसार दवाएं वितरित की गईं। इस मौके पर मौजूद लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु और सफल जीवन की कामना भी की।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल, जिला पंचायत सदस्य सरोज चंद्रवंशी, नितिन अग्रवाल, रुक्मणी वर्मा, पुष्पा बंजारे, राकेश यादव, अशोक सिन्हा, कृष्ण कुमार वर्मा, भरत सोनी, केदार वर्मा, पुरुषोत्तम साहू, बिरजू साहू, बलराम साहू, देवेंद्र, जिया वर्मा, किरण साहू, हीरा वर्मा, रानी जी समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और मातृशक्ति मौजूद रहे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment