सरकार का हिस्सा हूं फिर भी शर्मिंदा हूं: चिराग पासवान

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

पटना।बिहार में NDA सरकार की सहयोगी पार्टी के नेता और केंद्र में मंत्री चिराग पासवान ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी ही सरकार पर सवाल उठाए हैं। बिहार में लड़कियों के साथ हो रही कथित अभद्रता और सुरक्षा को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई है। चिराग ने कहा कि उन्हें इस सरकार का हिस्सा होने पर खुद शर्मिंदगी महसूस हो रही है।

हाजीपुर से सांसद और मोदी सरकार में मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि आज बिहार के लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे से वह खुद को अलग नहीं कर सकते, क्योंकि वह भी राज्य की सरकार में सहयोगी हैं।

चिराग पासवान ने कहा, “यह सच है कि आज बिहार में कोई भी खुद को पूरी तरह सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। यह चिंता छोटी नहीं है। मैं भी इस सरकार का सहयोगी हूं और इस सवाल से भाग नहीं सकता। मैं खुद शर्मिंदा महसूस कर रहा हूं। जिस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, उन्हें बिल्कुल भी हल्के में नहीं लिया जा सकता।”

उन्होंने आगे कहा कि इन घटनाओं को लेकर वह काफी आक्रोशित हैं। चिराग ने कहा कि इन घटनाओं से राष्ट्रीय स्तर पर बिहार की छवि भी प्रभावित हो रही है और राज्य की बेटियों के मन में डर और असुरक्षा का माहौल बन रहा होगा।

चिराग पासवान ने कहा, “मैं आक्रोशित हूं और यह स्वाभाविक है। राष्ट्रीय स्तर पर मेरे बिहार की छवि कैसी जा रही है। हमारी बेटियों के मन में डर और असुरक्षा की भावना पैदा हो गई होगी। कोई बच्ची मुझे बता दीजिए, जो शाम को घर से निकलने से पहले इन बातों के बारे में नहीं सोचती होगी।”

उन्होंने साफ कहा कि जिस सरकार का वह हिस्सा हैं, अगर वही सरकार लोगों को सुरक्षा का भरोसा नहीं दे पाती है तो वह इसे स्वीकार नहीं करेंगे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment