कांकेर।जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच अब जंगली भालू की दस्तक ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। नरहरपुर वन परिक्षेत्र के कोटेला गांव में बीती रात एक भालू भोजन की तलाश में ग्रामीण के घर में घुस आया।
बताया जा रहा है कि घर में घुसने के बाद भालू रसोई में रखे सामान को टटोलता रहा। इस दौरान वह तेल के पीपे को खोलने की कोशिश करते हुए दिखाई दिया। भारी बारिश के बीच भालू के घर में घुसने की घटना से परिवार और आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
ग्रामीणों ने किसी तरह भालू से दूरी बनाए रखी और वन विभाग को सूचना दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें भालू तेल के पीपे के पास नजर आ रहा है। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
लगातार बढ़ रहा मानव-वन्यजीव संघर्ष
कांकेर सहित छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भालुओं के रिहायशी इलाकों में पहुंचने की घटनाएं सामने आ रही हैं। हाल ही में कांकेर के नरहरपुर वन परिक्षेत्र में भालू के हमले में दो लोगों की मौत और एक व्यक्ति के घायल होने की घटना हुई थी।
महासमुंद जिले में भी सितंबर में एक ग्रामीण पर भालू ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल ग्रामीण के चेहरे, सिर, नाक और कान पर गंभीर चोटें आई थीं।
ग्रामीणों में दहशत
लगातार बारिश के कारण जंगलों में भोजन और पानी की तलाश में वन्यजीवों के आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आने की आशंका बढ़ जाती है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गांवों में गश्त बढ़ाने और भालुओं की आवाजाही पर निगरानी रखने की मांग की है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि भालू दिखाई देने पर उसके करीब न जाएं, वीडियो बनाने की कोशिश न करें और तुरंत विभाग को सूचना दें।





