नया भारत उत्सव: सांसद बृजमोहन ने जेन जी से किया सीधा संवाद, कहा—भाषण नहीं, सवालों के जवाब दूंगा

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर।मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मंडपम में भव्य ‘नया भारत उत्सव’ और विशाल युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।  कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रायपुर लोकसभा सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल रहे।

पारंपरिक भाषण की जगह सांसद अग्रवाल ने आज की नई पीढ़ी यानी ‘जेन जी’ (Gen Z) से खुला और सीधा संवाद स्थापित कर सभी का ध्यान खींचा। रायपुर लोकसभा क्षेत्र के 100 से अधिक कॉलेजों में आयोजित विभिन्न रचनात्मक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं में 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था।  कार्यक्रम के दौरान सांसद अग्रवाल ने प्रतियोगिताओं के प्रतिभावान विजेता विद्यार्थियों को मंच से प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

“युवाओं के सवालों के सही व स्पष्ट उत्तर मिलने चाहिए”

सभागार में उपस्थित सैकड़ों उत्साही युवाओं को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, “युवाओं के मन में ढेरों जिज्ञासाएं होती हैं, और उन जिज्ञासाओं के सही व स्पष्ट उत्तर उन्हें मिलने ही चाहिए। इसीलिए मैंने पिछले दो-तीन सालों से युवाओं से सीधे संवाद का यह सिलसिला शुरू किया है। मैंने यह तय किया है कि मैं यहां कोई औपचारिक भाषण नहीं दूंगा, बल्कि हमारे युवाओं के मन में जो भी प्रश्न होंगे, मैं खुद आगे बढ़कर उनके जवाब दूंगा।”

संवाद सत्र के दौरान युवाओं ने देश के विकास, राजनीति की दिशा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के प्रभाव से लेकर सांसद के व्यक्तिगत जीवन और अनुभवों तक पर बेबाकी से सवाल पूछे।  श्री अग्रवाल ने हर सवाल का बेहद आत्मीयता, संजीदगी और मुस्कुराहट के साथ जवाब दिया।

उन्होंने आगे कहा, “आज के बच्चों के मन में नित नई सोच और नए विचार होते हैं। आज के युवा क्या सोचते हैं, उनका विजन क्या है और वे व्यवस्था से क्या चाहते हैं—यह समझना हम सबके लिए बेहद जरूरी है। युवाओं से मिलकर ही हमें यह जानने का अवसर मिलता है कि सरकार को किस दिशा में सुझाव दिए जाएं, अपने काम करने के तौर-तरीकों में क्या सकारात्मक बदलाव किए जाएं और कार्यशैली को कैसे और अधिक जनहितैषी बनाया जाए। युवाओं की यही ऊर्जा हमें निरंतर बेहतर काम करने की प्रेरणा देती है।”

किन-किन हस्तियों ने ली हिस्सेदारी

युवा समागम में प्रमुख रूप से छत्तीसगढ़ राज्य हथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ के अध्यक्ष भोजराम देवांगन, छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, मोहन एंटी, भाजपा बुनकर प्रकोष्ठ की प्रदेश प्रभारी सीमा साहू, इंदिरा गांधी कृषि महाविद्यालय के डीन संजय शर्मा, भारत विकास परिषद के अध्यक्ष राकेश मिश्रा, युवा वैज्ञानिक गजेंद्र चंद्राकर, कार्यक्रम प्रभारी संजय जोशी, कार्यक्रम संयोजक दानसिंह देवांगन तथा दीक्षा अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में प्राध्यापक, गणमान्य नागरिक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment