बस्तर। सरकारी दफ्तरों पर भी बिजली बिल जमा नहीं करने को लेकर अब विद्युत विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। लंबे समय से बिजली बिल नहीं चुकाने वाले शासकीय विभागों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं।
बस्तर संभाग के सातों जिलों में अब तक 439 सरकारी बिजली कनेक्शन काटे जा चुके हैं। इन कनेक्शनों पर 1.28 करोड़ रुपये से ज्यादा का बकाया था। कार्रवाई के दौरान 50 विभागों से 11.67 लाख रुपये की वसूली भी की गई है।
हालांकि सरकारी विभागों पर कुल बकाया इससे कहीं ज्यादा है। संभाग में करीब 19,880 शासकीय बिजली कनेक्शनों पर 172.61 करोड़ रुपये से अधिक का बिल बाकी है।
अब विद्युत कंपनी ने सभी विभागों के बकाया बिल की विभागवार समीक्षा शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि बकाया जमा नहीं करने वाले विभागों पर आने वाले दिनों में कार्रवाई और तेज हो सकती है।






