रायपुर।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में मंत्रिपरिषद की बैठक होगी। बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने और कुछ महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगने की संभावना है।
कैबिनेट बैठक में बिजली बिल से जुड़े मुद्दे पर भी फैसला हो सकता है। बिजली बिल को लेकर विपक्ष लगातार राज्य सरकार पर सवाल उठा रहा है। ऐसे में इस मुद्दे पर सरकार की ओर से कोई निर्णय लिए जाने की उम्मीद है।
इसके अलावा महतारी वंदन योजना में नए हितग्राहियों को जोड़ने के लिए पोर्टल दोबारा खोलने को लेकर भी चर्चा हो सकती है। लंबे समय से नए नाम जोड़ने की मांग की जा रही है।
बैठक में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी की तैयारियों पर भी चर्चा होने की संभावना है। संबंधित विभागों की ओर से धान खरीदी की तैयारियों और जरूरी व्यवस्थाओं की जानकारी मंत्रिपरिषद के सामने रखी जा सकती है।
बता दें कि इससे पहले मंत्रिपरिषद की बैठक 5 अगस्त को हुई थी। अब आज होने वाली बैठक में सरकार के सामने कई महत्वपूर्ण मुद्दे होंगे, जिन पर सभी की नजर रहेगी।





