IGKV पेपर लीक के बाद परीक्षा सिस्टम में बड़ा बदलाव

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर।इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में पेपर लीक होने के बाद स्थगित की गई तीन विषयों की परीक्षाएं अब 7, 8 और 9 सितंबर को दोबारा आयोजित की जाएंगी। लगातार तीन प्रश्नपत्र लीक होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा कराने के तरीके में बदलाव किया है।

अब सभी कॉलेजों को प्रश्नपत्र पहले की तरह पैकेट में भेजने के बजाय ई-मेल के जरिए भेजे जाएंगे। विश्वविद्यालय के अनुसार प्रश्नपत्र पासवर्ड प्रोटेक्टेड ई-मेल से भेजे जाएंगे। परीक्षा शुरू होने से कुछ समय पहले ही कॉलेज प्रबंधन को उसका पासवर्ड दिया जाएगा।

प्रश्नपत्र खोलने की पूरी प्रक्रिया एक कमेटी की मौजूदगी में होगी। साथ ही इसकी वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। पूरी प्रक्रिया की जानकारी विश्वविद्यालय प्रशासन को भेजना अनिवार्य होगा। पासवर्ड के बिना ई-मेल में भेजे गए प्रश्नपत्र को खोला नहीं जा सकेगा।

तीन प्रश्नपत्र हुए थे लीक

पिछले महीने दुर्ग के एक निजी कॉलेज, भारतीय कॉलेज से तीन विषयों के प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया था। शुरुआत में बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष के एंटोमोलॉजी का पेपर लीक होने की जानकारी मिली थी।

मामले में निजी कॉलेज के एक प्रोफेसर और कुछ विद्यार्थियों की गिरफ्तारी के बाद जांच आगे बढ़ी तो दो और प्रश्नपत्र लीक होने की बात सामने आई। इनमें बीएससी प्रथम वर्ष का प्लांट पैथोलॉजी और प्रथम वर्ष द्वितीय सेमेस्टर का फंडामेंटल्स ऑफ जेनेटिक्स का पेपर शामिल था।

तीनों प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से कुछ घंटे पहले ही WhatsApp पर वायरल हो गए थे। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने तीनों परीक्षाओं को स्थगित कर दिया था। अब नई व्यवस्था के साथ इन परीक्षाओं को दोबारा कराया जा रहा है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment